जनदर्शन में आवेदन करने पर रामझूल साहू को तत्काल मिला व्हीलचेयर

मुंगेली. कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया गया है। सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम गीधा, निवासी श्री रामझूल साहू को निःशुल्क व्हीलचेयर प्रदान की गई। उप संचालक समाज कल्याण विभाग श्री नदीम काजी ने बताया कि श्री साहू विगत 01 वर्ष 04 माह से गंभीर बीमारी के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हैं और बिस्तर पर ही जीवन यापन कर रहे थे। अपनी कठिन परिस्थिति को देखते हुए उन्होंने जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान व्हीलचेयर हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
आवेदन प्राप्त होने पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए समाज कल्याण विभाग आवेदन का निराकरण करने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिसके पश्चात समाज कल्याण विभाग द्वारा उन्हें निःशुल्क व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। व्हीलचेयर प्राप्त होने पर श्री साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर एवं उप संचालक समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस सहायता से उनके दैनिक जीवन में अब काफी सुविधा होगी।



