जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा
कलेक्टर ने बैठक लेकर सभी तैयारियां सुनिश्चित करने दिए निर्देश

मुंगेली. जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में गरिमामय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। बैठक में उन्होंने कार्यक्रम स्थल रंग रोगन, बैठक व्यवस्था, बेरिकेटिंग, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, साफ-सफाई, फायर ब्रिगेड, विद्युत व ध्वनि विस्तारक यंत्र सहित अन्य आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण, परेड की सलामी और जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जायेगा। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा एवं श्रीमती सारिका मित्तल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



